हरिद्वार : बायोडीजल पंप पर अवैध पेट्रोल बिक्री के मामले में बड़ा एक्शन, लाइसेंस निलंबित

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहादराबाद ब्लॉक में स्थित काम्बोज बायोडीजल फिलिंग स्टेशन, कोटा मुरादनगर पर अनाधिकृत रूप से पेट्रोल की बिक्री और भंडारण का खुलासा हुआ है। पूर्ति निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पंप पर औचक छापेमारी की गई। छापे में सेल्समैन संजीव कुमार को मोटरसाइकिलों में कीप से पेट्रोल भरते पकड़ा गया। पूछताछ पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पंप मालिक श्रवण काम्बोज (पुत्र ओम प्रकाश काम्बोज) से टेलीफोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने भी स्पष्ट उत्तर नहीं दिया। सेल्समैन की निशानदेही पर स्टोर रूम की तलाशी ली गई, जहां चार प्लास्टिक कैन में करीब 120 लीटर पेट्रोल मिला। यह पेट्रोल जब्त कर पहले सेल्समैन की सुपुर्दगी में रखा गया, लेकिन बाद में पुनः जांच पर पाया गया कि उससे छेड़छाड़ कर वाहनों में डाला जा रहा था। अंततः इसे नजदीकी पीटी डीलर नफीस की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया।

उल्लेखनीय है कि इस पंप को केवल बायोडीजल बिक्री का लाइसेंस (बीडीपी-01/2024) जारी किया गया था। अत्यंत ज्वलनशील पेट्रोल का भंडारण और बिक्री पेट्रोलियम रूल्स-2002 का स्पष्ट उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है। पूर्ति निरीक्षक की संस्तुति (18 दिसंबर 2025) पर पंप मालिक श्रवण काम्बोज और सेल्समैन संजीव कुमार के खिलाफ थाना कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया।

जिलाधिकारी ने उत्तराखंड परिवहन प्रयोजन हेतु बायोडीजल बिक्री दिशा-निर्देश-2021 के उल्लंघन को आधार मानते हुए पंप का बायोडीजल लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन ने ऐसे अवैध धंधों पर सख्ती की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!