हरिद्वार (गौरव कुमार) ग्रामीण कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने ऊर्जा निगम की मनमानी और जनता के शोषण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
आगामी 28 फरवरी को वे ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी से सिंहद्वार तक पदयात्रा निकालेंगी, जिसमें जनता से व्यापक भागीदारी की अपील की गई है।
कृष्णानगर स्थित पूर्व मेयर अनीता शर्मा के कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में विधायक अनुपमा रावत ने ऊर्जा निगम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग जनता का खुला शोषण कर रहा है। बिजली और पानी के बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी की जा रही है। ऊपर से सरचार्ज थोपकर आम आदमी को परेशान किया जा रहा है।
कहा कि भाजपा सरकार जनता की इन परेशानियों से मुंह मोड़ रही है। कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसलिए 28 फरवरी को हम पदयात्रा के माध्यम से सरकार और ऊर्जा निगम के अधिकारियों को जगाएंगे। जनता को सरचार्ज और अनुचित बिलों में छूट मिलनी चाहिए।
पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में जनता त्रस्त है। अधिकारियों के पास जाते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती। टैक्स और सरचार्ज के नाम पर जनता का शोषण हो रहा है। सरकार को जगाने के लिए अधिक से अधिक लोग पदयात्रा में शामिल हों। बैठक में महेश प्रताप राणा, अरविंद शर्मा, राजबीर सिंह चौहान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना, जगत सिंह रावत, लव गुप्ता, अंजू मिश्रा, अंजू द्विवेदी, बीएस तेजियांन, वसीम सलमानी, कैलाश भट्ट आदि उपस्थित रहे।
अनुपमा रावत का एलान : ऊर्जा निगम की मनमानी के खिलाफ 28 फरवरी को कांग्रेस की पदयात्रा