एआई युग : खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि और संवाद जरूरी, ताकि विश्वसनीय और सटीक जानकारी जनता तक पहुंचे, -सीडीओ-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में “बढ़ती गलत सूचना के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा” विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्रा और विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी (एडीएम) पीआर चौहान ने शिरकत की।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के युग में पत्रकारों को तकनीकी रूप से अपडेट और सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने गोष्ठी की थीम पर जोर देते हुए कहा कि खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि और संवाद जरूरी है, ताकि विश्वसनीय और सटीक जानकारी जनता तक पहुंचे। मिश्रा ने भ्रामक और सनसनीखेज हेडलाइंस की प्रवृत्ति पर चिंता जताई, जो खबर की विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं। उन्होंने प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद के लिए समय-समय पर गोष्ठियों और कार्यशालाओं के आयोजन की बात कही।
अपर जिलाधिकारी एडीएम पीआर चौहान ने प्रेस की विश्वसनीयता को फर्जी खबरों, पेड न्यूज और पीत पत्रकारिता से उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जाता है, जिससे जनता गुमराह होती है। इसके लिए पत्रकारों को सक्रिय और सतर्क रहने की आवश्यकता है। चौहान ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं परिवार और समाज के विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रशासन और प्रेस के बीच निरंतर संवाद की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से हो सके।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि गलत सूचनाएं समाज को गुमराह करती हैं और प्रेस की लोकतांत्रिक भूमिका को कमजोर करती हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि आयोजनों में प्रेस को उचित सम्मान दिया जाए। साथ ही, प्रेस और प्रशासन के बीच निरंतर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचे और जिला प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।
वरिष्ठ पत्रकारों के विचार
वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, त्रिलोकचंद भट्ट, राहुल वर्मा, विजेंद्र हर्ष और प्रशांत शर्मा ने गलत सूचनाओं के प्रसार और प्रेस की विश्वसनीयता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
सम्मान समारोह
प्रेस क्लब ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। प्रभारी जिला सूचना अधिकारी रति लाल शाह ने प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की प्रतिबद्धता जताई और सभी प्रतिनिधियों को प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन और उपस्थित पत्रकार
कार्यक्रम का संचालन शिवा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे, दीपक मिश्रा, बालकिशन शास्त्री, शशि शर्मा, श्रवणकुमार झा, काशीराम सैनी, अमित शर्मा, शैलेन्द्र गोदियाल, मुकेश वर्मा, ललितेन्द्र नाथ, वसंत कुमार, कुमकुम शर्मा, सुदेश आर्य, सूर्यकांत बेलवाल, नरेश दिवान शैली, नवीन पांडे, दुष्यंत कुमार, वैभव भाटिया सहित प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अनेक पत्रकार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!