सिडकुल कंपनी हादसे के बाद कंपनी का इलाज और मुआवजे से मुकरने का आरोप, भीम आर्मी और परिवार ने शुरू किया धरना,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित टेक्टो स्ट्रक्चर्स कंपनी में कार्यरत हेल्पर शंकर पुत्र धनीराम के साथ 24 जुलाई 2025 को गंभीर हादसा हुआ। ड्यूटी के दौरान फोर क्लिप से भारी लोहे का एंगल उनके दोनों पैरों पर गिर गया, जिससे पैर बुरी तरह कुचल गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन और ठेका एजेंसी वीएस मैनपावर सर्विसेज ने तत्काल इलाज से इनकार कर दिया। सहकर्मियों की मदद से शंकर को देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिवार ने सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मध्यस्थता से समझौता हुआ। इसमें शंकर को मासिक 13 हजार रुपये वेतन और 4 हजार रुपये ड्रेसिंग खर्च देने की सहमति बनी, लेकिन कंपनी ने कोई भुगतान नहीं किया। पिछले ड्रेसिंग खर्च के रूप में 32 हजार रुपये भी 12 सितंबर 2025 तक जमा नहीं हुए। वर्तमान में शंकर का इलाज ईएसआईसी से चल रहा है, लेकिन परिवार श्री महंत इंद्रेश अस्पताल में बेहतर उपचार चाहता है।

आर्थिक सहायता न मिलने से आहत परिवार ने आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ कंपनी के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने श्रम कानून उल्लंघन, सुरक्षा लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाए। अब परिवार 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहा है और चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा। धरने में जिला अध्यक्ष अर्जुन कुमार, कपिल कुमार, शिव कुमार, योगेंद्र कटारिया, पंकज कुमार, मोहसिन अली सहित पीड़िता पत्नी अनु देवी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!