HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने राज्य के विभिन्न विभागों में समूह-ग के कुल 57 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया 10 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 30 दिसंबर 2025 तक चलेगी। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने का मौका 3 से 5 जनवरी 2026 तक दिया जाएगा। आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि से पहले आवेदन पूरा करने की अपील की है ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।
चयन प्रक्रिया वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा पर आधारित होगी, जिसे आवश्यकतानुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन आयोजित किया जा सकता है। परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 9 मार्च 2026 रखी गई है। सभी सूचनाएं, सिलेबस तथा प्रवेश पत्र केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही उपलब्ध होंगे।
पिछले कुछ वर्षों में पेपर लीक जैसी घटनाओं के बाद आयोग ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए हैं। अब सभी भर्ती परीक्षाएं कड़ी निगरानी और पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित करने का दावा किया जा रहा है।