HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। जिला प्रशासन ने संपत्ति के लालच में बुजुर्ग पिता के साथ धोखाधड़ी कर उनकी संपत्ति हड़पने के एक गंभीर मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए कूटरचित गिफ्ट डीड को रद्द कर दिया है और आरोपी पुत्र व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है। 88 वर्षीय बुजुर्ग राजेंद्र स्वरूप अग्रवाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल को शिकायत की थी कि उनका बड़ा बेटा उनकी अनुपस्थिति में उनके नाम की पावर ऑफ अटॉर्नी का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नेहरू कॉलोनी स्थित उनकी दो मूल्यवान संपत्तियों को गिफ्ट डीड के जरिए अपनी पत्नी पूजा अग्रवाल के नाम कर दिया।
बुजुर्ग ने बताया कि वे इलाज के लिए अपनी बेटी के पास गाजियाबाद गए थे। इसी दौरान उनके बड़े बेटे ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर दोनों संपत्तियां हस्तांतरित करा लीं।
शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी सविन बंसल ने मामले को गंभीरता से लिया और एडीएम (वित्त एवं राजस्व) तथा उप निबंधक कार्यालय को तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में गिफ्ट डीड में बड़े स्तर पर अनियमितता और कूटरचना पाए जाने पर डीड को निरस्त कर दिया गया।
साथ ही रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से थाना नेहरू कॉलोनी में आरोपी पुत्र व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि बुजुर्गों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, दबाव या फर्जीवड़े के जरिए उनकी संपत्ति हड़पने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।