हरिद्वार (राजेश लाम्बा) लक्सर तहसील के अंतर्गत मिर्जापुर सादात गांव में राशन वितरण को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने स्थानीय महिला राशन डीलर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डीलर ने नवंबर माह का राशन लाभार्थियों को नहीं दिया, बल्कि केवाईसी के नाम पर अंगूठे लगवाकर राशन हड़प लिया। ग्रामीणों के अनुसार, हर यूनिट पर 10 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जबकि दिसंबर का राशन अब बांटा जा रहा है।
एक दिव्यांग महिला ने आरोप लगाया कि डीलर ने उनका राशन कार्ड अपने पास रख लिया है और नया कार्ड बनाने के नाम पर 3000 हजार रुपये की मांग की। महिला का दावा है कि डीलर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी कि जो तुमसे हो सके कर लेना। ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर अधिकारियों से अच्छे संबंध होने की बात कहकर किसी कार्रवाई से बेखौफ हैं, जिससे जनवरी-फरवरी के राशन पर भी खतरा मंडरा रहा है।
मामला उजागर होने के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि राशन का उचित वितरण नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। विभिन्न समाचार स्रोतों के अनुसार, ग्रामीणों ने एसडीएम लक्सर से शिकायत की, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए। जांच के दौरान पूर्ति निरीक्षक के साथ डीलर के बीच विवाद की घटनाएं भी सामने आईं, जिसमें हाथापाई का वीडियो वायरल हुआ और दुकान सील करने की संस्तुति की गई।
इस बीच, राशन डीलर ने सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने मौखिक रूप से बताया कि नवंबर का राशन पहले ही वितरित किया जा चुका था और वर्तमान में दिसंबर माह का राशन नियमित रूप से बांटा जा रहा है।
केवाईसी के नाम पर अंगूठे लगवाकर राशन हड़पने का आरोप, दिव्यांग महिला से 3000 रुपये मांगने का मामला भी गरमाया