हादसा : लक्सर-रुड़की हाईवे पर भयानक हादसा, ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में दो ट्रैक्टर चालक और बाइक सवार युवकों की मौत, घर में मचा कोहराम

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में गुरुवार शाम लक्सर-रुड़की स्टेट हाईवे पर डौसनी रेलवे फ्लाईओवर के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालक गम्भीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हादसे में ट्रैक्टर चालक नवीन (22 वर्ष), पुत्र नरसिंह, निवासी पीपली गांव (लक्सर) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर का पिछला एक्सल टूट गया और नवीन ट्रैक्टर के नीचे दबकर बुरी तरह कुचल गया। दूसरी तरफ मोटरसाइकिल सवार मेहताब (25 वर्ष), पुत्र हाकम, निवासी जैनपुर मतलूबपुर (लक्सर) भी सड़क पर जा गिरा और उसे गम्भीर चोटें आईं।

कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और गमगीन माहौल बन गया।

परिजनों की सहमति से पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्सर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह परमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!