असर : नारायणी शिला मंदिर के सामने धंसी सड़क पर नगर निगम का जल संस्थान को नोटिस जारी, सड़क धंसने से नगर आयुक्त खपा

Listen to this article

हरिद्वार। हिन्दुस्तान न्यूज़ टुडे की प्रमुखता से छपी खबर का असर हुआ है। नारायणी शिला मार्ग पर सड़क में गड्ढा बनने के मामले में नगर निगम ने जल संस्थान को सख्त नोटिस जारी किया है। हिन्दुस्तान न्यूज टुडे ने नारायणी शिला मंदिर पर धंसी नई सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, दो घंटे तक निगम और पीडब्ल्यूडी बताते रहे सड़क को एक दूसरे की, शीर्षक के साथ प्रकाशित किया था। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने खबर का संज्ञान लेते जल संस्थान को नोटिस जारी किया है। नगर निगम के अनुसार, जल संस्थान ने हाल ही में अपने विभागीय कार्य से जुड़े मरम्मत कार्य के दौरान इस मार्ग के किनारे खुदाई की थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़क में गड्ढा रह गया, जिससे आम नागरिकों के जान-माल को खतरा पैदा हो गया था।

नगर निगम को इस बात का संज्ञान हुआ कि गड्ढे के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जल संस्थान ने इस मरम्मत कार्य से पहले नगर निगम को कोई सूचना नहीं दी और न ही कोई अनुमति ली। यह प्रक्रिया की पूरी तरह अनदेखी थी, जिसके चलते सड़क की स्थिति खराब हो गई।

जारी नोटिस में नगर निगम ने जल संस्थान को निर्देश दिया है कि वह तत्काल प्रभाव से संबंधित स्थान पर उचित मरम्मत कार्य कराकर सड़क को सुरक्षित बनाए, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि आगे से नगर निगम क्षेत्र में कोई भी मरम्मत या अन्य कार्य करने से पूर्व नगर निगम को सूचित करना और आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि बिना पूर्व सूचना के किए गए किसी भी कार्य से उत्पन्न होने वाली किसी अप्रिय घटना या क्षति की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग यानी जल संस्थान की होगी। नगर निगम ने जोर देकर कहा कि शहर की सड़कों की सुरक्षा और आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!