हरिद्वार। नगर निगम कार्यालय के समीप नारायणी शिला मंदिर के पास नगर निगम की ओर से हाल ही में निर्मित सड़क पर अचानक बड़ा गड्ढा हो जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सड़क धंसने की इस घटना से न केवल यातायात प्रभावित हुआ, बल्कि श्रद्धालुओं और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नारायणी शिला मंदिर मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और वाहन गुजरते हैं। अचानक सड़क धंसने से कुछ देर के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण हाल ही में कराया गया था, ऐसे में इतनी जल्दी सड़क का धंस जाना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। नगर निगम की ओर से सड़क की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि गड्ढा बनने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में सड़क के नीचे मिट्टी धंसने की आशंका सामने आई है। मामले की विस्तृत तकनीकी जांच कराई जाएगी और जो भी कमी पाई जाएगी, उसे दूर किया जाएगा। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
नारायणी शिला मंदिर मार्ग पर धंसी नई सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, दो घंटे तक निगम और पीडब्ल्यूडी बताते रहे सड़क एक दूसरे की,