कोर्ट के स्टे का उल्लंघन सिडकुल में कॉमन रास्ते पर धड़ल्ले से निर्माण

Listen to this article

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र के सलेमपुर महदूद में 18 फुट चौड़े कॉमन रास्ते को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले में भूखंड स्वामी राकेश कुमार ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर अवैध कब्जे और नियमों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है। उधर, जिस व्यक्ति का निर्माण कार्य हो रहा है उससे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। संपर्क होने के बाद उनका भी पक्ष लिखा जाएगा।
राकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके आवासीय भूखंड की एक दिशा में 18 फुट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया है। इसी प्रकार दूसरी दिशा में इक्कड़ कला खुर्द निवासी एक अन्य भूखंड स्वामी के प्लॉट के लिए भी 18 फुट चौड़ा कॉमन रास्ता निर्धारित है। यह रास्ता दोनों भूखंडों से होते हुए आगे निकलता है और लंबे समय से स्थानीय लोगों के आवागमन में उपयोग किया जा रहा है। राकेश कुमार का आरोप है कि कुछ लोगों ने इस कॉमन रास्ते पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण से गलत तरीके से घर का नक्शा पास कराकर नियमों के विपरीत व्यावसायिक निर्माण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर बेसमेंट खोदकर बड़े पैमाने पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा है, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक रास्ते को भी अवरुद्ध कर रहा है। आरोप लगाया कि मामले को लेकर न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त होने के बावजूद संबंधित लोगों की ओर से धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी रखा गया है, जो न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है। राकेश कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉमन रास्ते को कब्जा मुक्त कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वह हरिद्वार न्यायालय के बाद उच्च न्यायालय का रुख करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!