HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय परेड में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की झांकी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि लगातार दूसरी बार हासिल हुई है, जिससे संस्कृत जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
झांकी की मुख्य विशेषता प्रदेश के 13 संस्कृत ग्रामों की जीवंत झलक थी। इन ग्रामों में संस्कृत भाषा, संस्कृति, परंपराओं, मूल्यों, लोक कला और भारतीय विरासत का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। झांकी की विषयवस्तु, कलात्मक प्रस्तुति और संदेश ने दर्शकों तथा निर्णायकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। चारों ओर इसकी सराहना हुई।
इस उपलब्धि पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक गैरोला तथा संस्कृत अकादमी के सचिव प्रो. मनोज किशोर पंत को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। सचिव दीपक गैरोला ने अकादमी के सचिव प्रो. पंत एवं समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रदेश में इसके प्रचार-प्रसार के लिए अकादमी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।
प्रो. मनोज किशोर पंत ने इस सफलता का श्रेय अकादमी के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और टीम की एकजुटता को दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम भावना और समर्पण से यह संभव हुआ। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया, ताकि संस्कृत अकादमी तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक रोशन हो।