वायरल वीडियो : हरकी पौड़ी पर शेख की वेशभूषा में घूमते युवकों पर भड़की श्री गंगा सभा

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पवित्र हरकी पौड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा शेख की पारंपरिक वेशभूषा में घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस घटना ने तीर्थ की धार्मिक गरिमा और सनातन परंपराओं पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है। श्री गंगा सभा, जो हर की पैड़ी के रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालती है, ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है।
गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने इसे तीर्थ स्थल की मर्यादा का खुला उल्लंघन करार देते हुए गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, हर की पैड़ी सनातन धर्म की आस्था का केंद्र है, जहां श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए आते हैं। ऐसी हरकतें न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि पवित्र तीर्थ की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। हम किसी भी रूप में इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
श्री गंगा सभा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो की कॉपी जिला प्रशासन और पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपी है। अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि प्रशासन से विस्तृत बातचीत हुई है और उन्हें आश्वासन मिला है कि 1916 के म्युनिसिपल एक्ट तथा संबंधित बायलॉज के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह एक्ट हर की पैड़ी क्षेत्र की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए बनाया गया था, जिसमें ऐसी गतिविधियों पर रोक है जो तीर्थ की पवित्रता को भंग करती हैं।
नितिन गौतम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी, सनातन धर्म और हरिद्वार की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को कानून के दायरे में लाकर कड़ा सबक सिखाया जाएगा। हम श्रद्धालुओं की भावनाओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!