HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता को सदस्यों की कड़ी फटकार का सामना करना पड़ा। मंगलवार को देवपुरा स्थित जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह उर्फ किरण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने ओवरहेड टैंकों और नलकूपों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी मांगी, लेकिन अभियंता जवाब नहीं दे पाए। नाराज सदस्यों ने कहा कि यदि सदस्यों के क्षेत्रों के कार्यों की जानकारी ही नहीं रखनी है तो बैठक में आने की आवश्यकता नहीं है। बैठक में जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए तालाबों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने तालाबों के चारों ओर चाहरदीवारी निर्माण, किनारों पर पौधारोपण और नियमित सफाई की जरूरत पर जोर दिया, जिस पर सर्वसम्मति बनी। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर विचार-विमर्श के बाद पुस्तकालयों के लिए भूमि चयन और संचालन की जिम्मेदारी तय करने का निर्णय लिया गया। इन प्रस्तावों को मूर्त रूप देने की दिशा में कदम उठाए गए, ताकि ग्रामीण विकास को मजबूती मिले
इस दौरान जिला पंचायत एई ईश्वर चंद, लोक निर्माण विभाग अधिशाषी अभियंता दीपक कुमार ओर जिला पंचायत सदस्यों में पिंक्की जाटव, अरविंद कुमार, जयंत चौहान, मीनाक्षी चौहान, अरविंद राठी आदि मौजूद रहे।