HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल द्वारा हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में आयोजित वार्षिक शौर्य जागरण यात्रा पर मंगलवार को अचानक हुए पथराव में कार्रवाई की मांग की गई है। यात्रा दुर्गा चौक से सैनी आश्रम की ओर शांतिपूर्ण ढंग से बढ़ रही थी कि पुलिस की मौजूदगी में ही अज्ञात असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में बजरंग दल के कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
यात्रा की पूर्व लिखित सूचना हरिद्वार जिला प्रशासन को दे दी गई थी, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त रही। घायलों के बावजूद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उल्लेखनीय संयम दिखाया और बिना किसी प्रतिक्रिया के शोभायात्रा को निर्धारित स्थान तक पहुँचाकर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किया।
विश्व हिन्दू परिषद ने इसे हरिद्वार की देवभूमि में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पूरे शहर को तनावग्रस्त करने की गहरी साजिश करार दिया है। संगठन का कहना है कि यह कायरतापूर्ण कृत्य पूरे उत्तराखंड के संत समाज व हिन्दू समाज में भारी रोष पैदा कर रहा है।
आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में निम्न मांगें रखी गईं:
- सभी आरोपियों की त्वरित पहचान व गिरफ्तारी
- उच्च स्तरीय, निष्पक्ष व पारदर्शी जांच
- सुरक्षा में चूक करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
विश्व हिन्दू परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संत समाज व हिन्दू संगठनों के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांत सहसंयोजक बजरंग दल सौरभ चौहान, प्रांत सुरक्षा प्रमुख नवीन तेश्वर, विभाग मंत्री भूपेंद्र सैनी, जिला संयोजक अमित मुल्तानिया सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।