HINDUSTAN NEWS TODAY.हरिद्वार। जनपद में लगभग 24,000 गर्भवती महिलाओं में से 3,400 को हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन महिलाओं की निगरानी शुरू कर दी है। ताकि उनकी डिलीवरी सुरक्षित और अच्छे अस्पतालों में हो सके। हाल ही में पांच गर्भवती महिलाओं की मृत्यु के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था हरकत में आई है। इसके तहत सभी गर्भवती महिलाओं का सर्वे किया जा रहा है और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र की जा रही है।
गर्भवती महिलाओं में आयरन की कमी को दूर करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य में सुधार करना है। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इन प्रयासों से मातृ मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी।
यह कदम न केवल गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को भी बढ़ाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर गर्भवती महिला को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।