HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में सीएम हेल्पलाइन, जिला योजना, और यूसीसी पंजीकरण कार्यों की समीक्षा की। यूसीसी के तहत नगर निकायों में कम पंजीकरण पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने नवंबर में प्रगति न बढ़ने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने शतप्रतिशत पंजीकरण वाले वार्डों के सभासदों और पार्षदों को सम्मानित करने का भी आदेश दिया।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में डीएम ने शिकायतों का सरलीकरण, समाधान, और संतुष्टि के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ताओं से संवाद और समस्याओं को लंबित न रखने पर जोर दिया। जिला योजना के तहत निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग के अभियंताओं को स्कूलों के निर्माण और शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिला पंचायतराज अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीएम ने बच्चों को मोबाइल की लत से बचाने के लिए खनन प्रभावित 100 ग्राम पंचायतों में छोटे खेल मैदान विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए ग्राम पंचायतों को चिह्नित करने का आदेश जारी किया गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में डीएम ने बिजली चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और निरंतर छापेमारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से राजस्व हानि के साथ-साथ लो वोल्टेज की समस्या भी उत्पन्न होती है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।